अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी सीरीज ‘सिटाडेल’ को लेकर चर्चा में हैं। इस सीरीज के दो एपिसोड स्ट्रीम हो रहे हैं। इसके अलावा हर शुक्रवार को इसका एक नया एपिसोड स्ट्रीम किया जाएगा। इस तरह 26 मई 2023 तक पूरी सीरीज ओटीटी पर स्ट्रीम होगी। काम से अलग प्रियंका अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहती हैं। बॉलीवुड से हॉलीवुड तक का सफर तय करने वाली प्रियंका चोपड़ा बीते वर्ष सरोगेसी के जरिए बेटी मालती की मां बनीं। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ने एग फ्रीजिंग प्रोसेस को लेकर बात की।
प्रियंका चोपड़ा करियर से अलग तमाम मुद्दों पर खुलकर बात करती हैं। बीते दिनों उन्होंने बॉलीवुड में पसरे भेदभाव पर चुप्पी तोड़ी थी। अब उन्होंने अपने एग फ्रीज कराने के फैसले पर बात की है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में प्रियंका चोपड़ा इस बारे में बात करती नजर आईं। उनका कहना है कि एग फ्रीज कराने की पूरी प्रक्रिया काफी दर्दनाक है और जटिल है।
प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि उम्र के 30वें पड़ाव पर उन्होंने अपने एग फ्रीज कराने का फैसला लिया। एक्ट्रेस ने बताया कि उस वक्त वह क्वांटिको में व्यस्त थीं। प्रियंका ने आगे कहा कि ‘यह प्रक्रिया काफी दर्दनाक है। इसमें करीब महीनेभर तक इंजेक्शन लगते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, दवाओं का सेवन भी करना पड़ता है, जिसके चलते हार्मोंस ऊपर नीचे होते रहते हैं। इसके चलते आपको ब्लोटिंग हो सकती है।’
प्रियंका चोपड़ा ने आगे कहा कि, ‘इन सभी जटिलताओं के बाद भी यह प्रक्रिया उन महिलाओं के लिए काफी बेहतर है, जो किन्हीं वजहों से अपनी उम्र के 30वें दशक में मां नहीं बनना चाहती हैं। यह प्रक्रिया काफी महंगी भी है, इसलिए इसके लिए सेविंग की भी जरूरत पड़ेगी।’