अक्सर अपने पसंदीदा सितारों को सामने देखकर फैंस का उत्साह चरम पर होता है। कई बार लोग खुशी में आपा खो बैठते हैं और कुछ ऐसा कर बैठते हैं कि स्टार्स के लिए यह स्थिति काफी असहज हो जाती है। ऐसा ही कुछ हाल ही में आदित्य रॉय कपूर के साथ भी हुआ। दरअसल, आदित्य रॉय कपूर के आगामी शो ‘द नाइट मैनेजर’ की स्क्रीनिंग के दौरान एक महिला प्रशंसक ने एक्टर को जबरन किस करने की कोशिश की। एक्टर काफी असहज हुए और किसी तरह स्थिति संभाली गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला आदित्य के साथ सेल्फी लेने के लिए पहुंचती है। वह सेल्फी क्लिक कराती है इसके बाद वह जबरदस्ती आदित्य रॉय कपूर के गालों पर किस करने की कोशिश करने लगती है। आदित्य रॉय कपूर उन्हें ऐसा करने के लिए इनकार करते हैं। वह किसी तरह स्थिति को संभालते हुए महिला को पीछे करते हैं, इसके बाद महिला दोबारा किस करने की कोशिश करने लगती है। इसके बाद एक्टर खुद महिला से दूरी बनाते हुए नजर आते हैं। महिला वहां से जाने से पहले एक्टर के हाथों पर किस करती है।
इस वीडियो पर यूजर्स काफी अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लोग महिला पर शोषण का आरोप लगा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘हे भगवान! इस तरह का शोषण सही नहीं है! लोगों को पता नहीं क्या हो गया है। मुझे भी ये एक्टर पसंद है, लेकिन मैं जबरदस्ती किस नहीं करूंगी।’ एक अन्य यूजर ने लिखा,’हैलो लेडी! कोविड अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।’ एक यूजर ने लिखा, ‘अगर यही किसी पुरुष ने किया होता तो पोस्ट कुछ अलग ही होता।’
आपको बता दें कि ‘द नाइट मैनेजर’ के जरिए आदित्य रॉय कपूर डिजिटल डेब्यू कर रहे हैं। इस शो में वह अनिल कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। शो में शोभिता धूलिपाला, तिलोत्तमा शोम, सास्वत चटर्जी और रवि बहल भी अहम रोल में हैं। संदीप मोदी द्वारा निर्देशति ‘द नाइट मैनेजर’ डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 17 फरवरी से स्ट्रीम होगा।
Source: Amar Ujala