अभिनेता शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘पठान’ जबरदस्त चर्चा में है। किंग खान के फैंस लंबे ब्रेक के बाद उन्हें पर्दे पर देखने के लिए बेकरार हैं। मगर, अपनी रिलीज से पहले यह फिल्म अपने गाने ‘बेशरम रंग’ को लेकर जबरदस्त विवादों में है। इस गाने में केसरिया रंग की बिकिनी पहनने के लिए दीपिका पादुकोण को खूब ट्रोल किया गया। तमाम धार्मिक समूहों ने भी इस पर आपत्ति जताई है। इसके अलावा बॉलीवुड हस्तियों ने भी इस गाने पर तंज कसा है। इन्हीं में से एक हैं विवेक अग्निहोत्री। ‘द कश्मीर फाइल्स’ के निर्देशक ने हाल ही में ट्विटर पर एक चेतावनी जारी की है।
विवेक अग्निहोत्री ने हाल ही में ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। इसके जरिए उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में परोसी जाने वाली फूहड़ता पर निशाना साधा है। वीडियो में ‘पठान’ के ‘बेशरम रंग’ गाने की भी कुछ क्लिप्स हैं। इस वीडियो में दो वीडियो मर्ज हैं। एक तरफ गाने के दृश्य दिखाए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ एक टीनएज गर्ल गाने के प्रभावों पर चिंता व्यक्त करती नजर आ रही है।
विवेक अग्निहोत्री ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें एक बच्ची बॉलीवुड फिल्मों और ओटीटी के कंटेंट पर सवाल उठाती नजर आ रही है। साथ ही वह साफ-सुथरा कंटेंट पेश करने की अपील कर रही है। विवेक अग्निहोत्री ने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, ‘चेतावनी: यह वीडियो बॉलीवुड के खिलाफ है। अगर आप सेक्युलर हैं तो इसे न देखें।’
विवेक के इस ट्वीट पर तमाम यूजर्स उनका समर्थन करते दिख रहे हैं। यूजर्स कह रहे हैं कि ‘एक बच्ची ने बहुत सही विषय उठाया है।’ फिल्म ‘पठान’ की बात करें तो सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित यह फिल्म आगामी 25 जनवरी को रिलीज होगी। इसमें शाहरुख और दीपिका के अलावा जॉन अब्राहम भी नजर आएंगे। इस फिल्म के जरिए शाहरुख करीब 5 साल बाद पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।